गुरुपूरब के मौके पर छह साल के अलगाव के बाद शिरोमणि अकाली दल की एनडीए में वापसी हो गई है। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में सुखबीर बादल और अमित शाह ने गठबंधन पर मुहर लगाई। 2020 में किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने बीजेपी से 25 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। अब दोनों दलों ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हाथ मिलाया है।

इस चुनावी समझौते में सुखबीर बादल ने अपनी दो शर्तें बीजेपी से मनवा लीं। पहली, गठबंधन में अकाली दल बड़ा भाई रहेगा यानी उसे ज्यादा सीटें मिलेंगी। दूसरी, मुख्यमंत्री पद भी अकाली दल के खाते में जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने साफ किया कि गठबंधन का सीएम अकाली दल का होगा। सूत्रों के अनुसार, अकाली दल ने सुखबीर बादल को सीएम कैंडिडेट बनाने की शर्त रखी थी, जिसे बीजेपी ने मान लिया। अमित शाह ने बताया कि सीटों के बंटवारे पर दोनों पार्टियां मिलकर बैठकर चर्चा करेंगी। दोनों पार्टियां 117 सीटों पर लड़ेंगी।

सूत्रों के अनुसार, नए समीकरण में बीजेपी की सीटें बढ़ेंगी। यह पहला मौका होगा, जब विधानसभा चुनाव में शिअद से गठबंधन के बाद बीजेपी ग्रामीण इलाकों में भी चुनाव लड़ेगी। 2017 तक अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता रहा और बीजेपी के हिस्से में सिर्फ 23 सीटें रहीं। 2022 के चुनाव में दोनों दल अलग-अलग गठबंधनों के साथ मैदान में उतरे थे। उस चुनाव में अकाली दल को 18.38 प्रतिशत और बीजेपी को महज 6.6 प्रतिशत वोट मिले थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का वोट प्रतिशत बढ़कर 18.56 प्रतिशत हो गया, जबकि अकाली दल का वोट घटकर 13.42 प्रतिशत पर पहुंच गया।

आम आदमी पार्टी से मुकाबले को आसान नहीं माना जा रहा है। सत्तारूढ़ आप ने लोक लुभावन स्कीमों का पिटारा खोल रखा है और 71 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। अकाली दल और बीजेपी के सामने कांग्रेस और आप से मुकाबले के लिए गठबंधन आखिरी रास्ता माना जा रहा था। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ शुरू से गठबंधन की वकालत करते रहे हैं। बातचीत का जिम्मा केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने संभाला, जिन्होंने सुखबीर सिंह बादल के साथ सीधी मुलाकात की। अब इस गठबंधन की चुनौती जल्द से जल्द कैंडिडेट के घोषणा करने की है।