उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पश्चिमी यूपी में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद कल सहारनपुर पहुंचेंगे। दोनों नेताओं का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की राजनीतिक सक्रियता के लिहाज से अहम माना जा रहा है। गठबंधन इस दौरे के जरिए पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक मौजूदगी का संदेश देने की तैयारी में है।

कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों नेता दोपहर 12 बजे सहारनपुर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। एआईएमआईएम के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस मौके पर जुटने के निर्देश दिए गए हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष साजिद प्रधान ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट पहुंचने की अपील की है।

साजिद प्रधान के मुताबिक, गठबंधन के तहत एआईएमआईएम ने चार विधानसभा सीटों की मांग रखी है। हालांकि, अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी के हिस्से में कितनी सीटें आएंगी। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त सक्रियता को सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सहारनपुर से चुनावी अभियान की शुरुआत कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन और जनसंपर्क की गतिविधियां तेज की जाएंगी। ओवैसी पहले भी सहारनपुर में लगातार राजनीतिक गतिविधियां जारी रखने की बात कह चुके हैं। सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता और छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास पर जाने की भी चर्चा है, लेकिन इन दोनों कार्यक्रमों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।