26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी और संविधान दिवस के मौके पर मुंबई विश्वविद्यालय में आयोजित व्याख्यान में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि 2008 में आतंक के आकाओं को सबक सिखाने के लिए भारत के पास सीमित विकल्प थे, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि उड़ी, पुलवामा और पहलगाम की घटनाओं के बाद भारत की प्रतिक्रिया के तरीके में बड़ा बदलाव आया है।

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि 2008 का हमला पूरे राज्य के लिए एक परीक्षा था, जिसमें खुफिया जानकारी साझा करने, तटीय निगरानी, प्रतिक्रिया की गति और एजेंसियों के बीच तालमेल में कमियां सामने आईं। लेकिन 2008 के बाद भारत ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था का कायाकल्प किया। एनआइए के गठन, एनएसजी हब की स्थापना और नौसेना के नेतृत्व में तटीय सुरक्षा की मजबूती ने देश को मजबूत बनाया।

उन्होंने बताया कि इसका परिणाम उड़ी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयरस्ट्राइक और अप्रैल 2025 में पहलगाम के आतंकी हमले के जवाब में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के रूप में दुनिया ने देखा। उनके मुताबिक, 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत सटीक हमलों से पाकिस्तान और गुलाम कश्मीर में नौ आतंकी ठिकाने नेस्तनाबूद हुए। जब दुश्मन ने ड्रोन और मिसाइलों से शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की, तो एकीकृत एयर डिफेंस ने उसे नाकाम कर दिया। इसके बाद वायुसेना ने दुश्मन के 11 एयरबेस, रडार और कमांड सेंटर तबाह कर दिए, जिसके बाद दुश्मन ने महज चार दिनों में सैन्य कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई।

वायुसेना प्रमुख ने स्पष्ट किया कि भारत ने अब एक 'न्यू नार्मल' स्थापित कर दिया है, जिसमें आतंक और बातचीत साथ नहीं चल सकते और आतंकियों तथा उनके समर्थकों में कोई भेद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26/11 के बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हमारी 'अमृत पीढ़ी' 'मेक इन इंडिया' से आगे बढ़कर 'थिंक इन इंडिया' के साथ 2047 तक एक सशक्त और आत्मनिर्भर विकसित भारत का निर्माण करे।