चंडीगढ़: पंजाब में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाली अकाली दल वारिस पंजाब दे ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने संगठन का विस्तार करने के लिए राज्यव्यापी सदस्यता अभियान शुरू किया है, जिसका नाम 'आओ पंजाब दे वारिस बनिए' रखा गया है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। सदस्यता प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 'वहीर' नाम का मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया गया है।
गुरुवार को पार्टी के कार्यवाहक अध्यक्ष और अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन क्षेत्र प्रभारियों की बैठक हुई। इसमें अभियान को गांवों, कस्बों और शहरी इलाकों के प्रत्येक घर तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शमशेर सिंह पधारी के अनुसार सदस्यता अभियान में युवाओं की खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है। लोग 'वहीर' एप्लिकेशन के अलावा पार्टी की आधिकारिक वेबसाइट और विशेष हेल्पलाइन के माध्यम से भी सदस्य बन रहे हैं।
पधारी ने बताया कि पार्टी डिजिटल माध्यमों से सदस्यता प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाना चाहती है ताकि लोग बिना परेशानी के संगठन से जुड़ सकें। हालांकि अभियान केवल ऑनलाइन सदस्यता तक सीमित नहीं है। पार्टी कार्यकर्ता गांवों और कस्बों में घर-घर जाकर लोगों से मिलेंगे और उन्हें पार्टी के एजेंडे और उद्देश्यों के बारे में जानकारी देंगे।
इस बीच पार्टी चुनाव से पहले कुछ राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की भी तैयारी कर रही है। पार्टी ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व वाले शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) और सिमरनजीत सिंह मान के नेतृत्व वाले अकाली दल (अमृतसर) के साथ गठबंधन पर बात कर रही है। साथ ही मायावती की बहुजन समाज पार्टी के साथ भी गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। दोनों पार्टियों के बीच टिकट बंटवारे पर चर्चा हो रही है। सहमति बनने पर दोनों मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
