लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को मोर्चे पर उतारा है। बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने अयोध्या के बिकापुर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी की पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक यानी पीडीए राजनीति पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस और सपा पर भी हमला बोला।
मायावती का जिक्र करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि बहन मायावती जी सही कहती हैं कि भाजपा हो या कांग्रेस, ये एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सिक्का चाहे जैसे भी उछले, हेड आए या टेल, नुकसान हमेशा शोषित और वंचितों का ही होता है। उन्होंने कहा कि मैं अखिलेश यादव जी का सम्मान करता हूं, लेकिन मुझे कभी समझ नहीं आया कि वे असल में क्या हासिल करना चाहते हैं। मायावती के हवाले से उन्होंने कहा कि ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं।
पीडीए पर तंज कसते हुए आकाश आनंद ने कहा कि पी का मतलब पिछड़ा था, लेकिन जैसे ही ब्राह्मण समाज तेजी से बसपा से जुड़ने लगा, तो पी का अर्थ पंडित बताया जाने लगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-आते पी का असली मतलब सामने आ जाएगा और डी तथा ए पीछे घबराए बैठे हैं। आकाश आनंद ने सपा के आगरा में हुए दलित महासम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस मंच पर सपा के थिंक टैंक माने जाने वाले प्रो. राम गोपाल यादव ने वहां बैठे लोगों को खरी-खोटी सुनाई और उन्हें मूर्ख कह दिया। उन्होंने कहा कि जिन्हें सम्मान देने के लिए बुलाया गया था, उन्हें ही अपमानित किया गया।
आकाश आनंद ने कहा कि चाहे जितना मेकअप कर लिया जाए, दिल की सच्चाई कभी न कभी जुबान पर आ ही जाती है। उन्होंने कहा कि प्रो. राम गोपाल यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को इस शब्द के इस्तेमाल के लिए समाज से माफी मांगनी चाहिए। बसपा समन्वयक ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वोटिंग बटन दबाकर इसका हिसाब बराबर कर लिया जाएगा।
