समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को संभल पहुंचे, जहां वे पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने संसद में परिसीमन (डिलिमिटेशन) बिल फिर से लाए जाने को लेकर बीजेपी पर हमला बोला और यूपी की योगी सरकार पर भी आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग जानते हैं कि जनता उनसे दूर हो गई है, इसलिए वे परिसीमन लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल साबित होगी और उन्होंने लोगों से इसका विरोध करने की अपील की। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के पीछे परिसीमन लाया जा रहा है और पुराने सेंसस के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

हालांकि, इस दौरान अखिलेश यादव ने 2024 में संभल में हुए दंगों पर कुछ नहीं कहा और इस मुद्दे से बचते रहे। उन्होंने संभल के बारे में कहा कि यह जिला नया है और ऐतिहासिक शहर भी है, जहां की जनता ने मुलायम सिंह यादव को प्यार और सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि संभल के लोग सेकुलर और लोकतांत्रिक हैं तथा देश में भाईचारे की भावना बनी रहनी चाहिए। उन्होंने बीजेपी और एनडीए पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे नफरत से सब काम करते हैं।

बता दें कि संभल दंगों की जांच करने वाली कमेटी ने सपा सांसद जिया-उर-रहमान बर्क और स्थानीय सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे सुहेल इकबाल को जामा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मिलकर साजिश रचने का जिम्मेदार ठहराया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसान खाद और डीएपी को लेकर परेशान हैं, धान की कीमत नहीं मिल रही, व्यापारी दुखी हैं और युवाओं के पास नौकरी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के एजेंडे में नौकरी नहीं है, जिसके कारण परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर किसान, युवा और विकास उनकी प्राथमिकता होंगे। मुख्यमंत्री के वोट कम होने के आरोप पर उन्होंने सवाल उठाया कि कौन झूठ बोल रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की समाजवादी पार्टी से नाराजगी के सवाल को उन्होंने टाल दिया।