समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर 2027 विधानसभा चुनाव के लिए 'जन-मन का मेनिफेस्टो' जारी किया। 'सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र' नाम से जारी इस घोषणापत्र में रोजगार, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को केंद्र में रखा गया है। इसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के साथ युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और छोटे कारोबारियों से जुड़े वादे शामिल हैं।
घोषणापत्र में पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया है। पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख पद तत्काल भरने, भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनाने और पेपर लीक पर संबंधित अधिकारी व मंत्री की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात कही गई है। नौकरी मिलने तक बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये पोषण भत्ता, ग्रामीण क्षेत्रों में 150 दिन रोजगार की कानूनी गारंटी और शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने का भी वादा है। अग्निवीरों को पुलिस व अन्य विभागों में रोजगार देने तथा हर वर्ष 20 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने की बात कही गई है।
कृषि क्षेत्र में तत्काल कर्जमाफी, 23 फसलों और दूध पर एमएसपी की कानूनी गारंटी तथा आलू, टमाटर और प्याज के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति योजना का वादा किया गया है। गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कार्पस फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई है। सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी वादा है। महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन का वादा भी घोषणापत्र में शामिल है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा केवल घोषणापत्र बनाती नहीं, बल्कि उसे लागू भी करती है। उन्होंने कहा कि अगले साल सत्ता में आने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीन पर कब्जे, अवैध वसूली और महिलाओं के प्रति अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या पार्टी का हो, उसे जेल भेजा जाएगा। जमीन विवादों के लिए विशेष एसटीएफ बनाने और हर जिले में साइबर यूनिट स्थापित करने की बात भी कही गई है। सामाजिक न्याय के एजेंडे में जातिगत जनगणना, आरक्षण और संविधान की रक्षा तथा 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा शामिल है।
