लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सपा दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पीडीए के आंदोलन के साथ पीड़ित, अपमानित और दुखी लोगों को जोड़ने के साथ रूठों को मनाया जाएगा और जो छूट गए हैं उन्हें साथ जोड़ा जाएगा। उनके इस बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनावों से पहले सपा छोड़कर जा चुके कई नेताओं की वापसी हो सकती है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा वन-नेशन, वन इलेक्शन की बात करती है, लेकिन देश और प्रदेश के लिए एक वोटरलिस्ट नहीं बना पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची में बेईमानी और धांधली करना चाहती है। उन्होंने कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों के लिए वन बॉन्ड, वन सैलरी उपलब्ध करवाने का काम किया जाएगा। उनका कहना था कि भाजपा सरकार देती नहीं है, छीनती है। उन्होंने कहा कि सीएचसी और पीएचसी के वेतन विसंगतियों को दूर किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने यश भारती सम्मान बंद कर दिया है और 2027 में सपा की सरकार बनने पर यह सम्मान फिर से शुरू किया जाएगा तथा सम्मान में विभूतियों को एक लाख रुपये महीने दिए जाएंगे। गोरखपुर मामले पर उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं के काफिलों से कई दुर्घटनाएं हुई हैं और लोगों की जानें गई हैं, लेकिन किस पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती के मौके पर रविवार को सपा दफ्तर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी से सबसे सरल सबक यही सीखा कि किसी के बुरे वक्त में साथ देना चाहिए और कोई भी व्यक्ति अगर मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव सहायता करनी चाहिए।
