अलीगढ़ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के नेटवर्क की जांच का दायरा बढ़ गया है। अमीना बेगम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने करीब 100 संदिग्धों की जानकारी आई है, जो अलीगढ़ के अलावा आसपास के जिलों में भी रह रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी जांच में शामिल हो गया है।

रोरावर पुलिस ने मंगलवार को मथुरा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास से अमीना बेगम (56) को पकड़ा था। पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से बांग्लादेश के गया बांदा जिले की रहने वाली है और हड्डी गोदाम चौराहे के पास झुग्गी में रह रही थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह वर्ष 1992 में पति और परिवार के साथ बिना पासपोर्ट-वीजा भारत आई थी। उसके पास से मिले दो मोबाइल फोन में एयरटेल के सिम लगे थे और उसने फर्जी नाम-पते पर सिम लेने की बात भी स्वीकार की थी। इसके बाद स्वजन को पकड़ा गया और कुल 12 लोग हिरासत में आए, जिनमें अमीना के अलावा मोहम्मद शरीफ उल (23), शाहरुख (18), सलमान (18), शहनाज (28), हैदर अली (45), रूक्साना (35) और उवेश (22) के नाम सामने आए। चार नाबालिगों को आगरा स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है। आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और एक वोटर पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

सीओ कमलेश कुमार के अनुसार, अमीना बेगम से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई थी, जिसमें उसके संपर्क में रहने वाले कई अन्य लोगों के नाम सामने आए। पुलिस अब इनकी लोकेशन और आपसी संबंधों का पता लगा रही है। कुछ की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग आसपास के जिलों में शादी करने के बाद परिवार के साथ रह रहे हैं। पुलिस बरामद आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर पहचान पत्रों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन दस्तावेजों को बनवाने के लिए सबसे पहले कौन सा प्रमाण लगाया गया और किसने इन्हें तैयार कराने में मदद की। एटीएस भी इस मामले में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का लक्ष्य इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करना है। करीब 100 लोगों तक जानकारी जुटाने के बाद उनकी भूमिका और भारत में रहने की वैधता की जांच की जाएगी।

कार्रवाई में चार लोगों की कहानी बाकी पकड़े गए लोगों से अलग निकली। जांच में सामने आया कि ये चारों भारत में जन्मे थे और इनमें एक परिवार में मां बांग्लादेशी मूल की हैं, जबकि पिता भारतीय नागरिक हैं। नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों और जन्मतिथि की जांच के बाद पुलिस ने चारों को छोड़ दिया है, हालांकि उन्हें निगरानी में रखा गया है। सीओ के अनुसार, नागरिकता के निर्धारण में जन्मतिथि महत्वपूर्ण है। अमीना बेगम के रिश्तेदारों का नेटवर्क अलीगढ़ के अलावा आगरा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुरुग्राम तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में अमीना ने बताया कि उसकी एक बेटी हजराबानो की शादी आगरा के बाह क्षेत्र में हुई है, जबकि दूसरी बेटी सितारा को 12 सितंबर 2025 को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में सीमा पार करते समय पकड़ा गया था, जिसके खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, अमीना और उसका परिवार करीब 34 साल पहले महज पांच रुपये देकर बांग्लादेश से भारतीय सीमा पार कर आया था और बाद में अलीगढ़ में बस गया। पुलिस अब आगरा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुरुग्राम तक फैले संपर्कों की पड़ताल कर रही है।