बाहरी दिल्ली के अलीपुर में करीब 30 हजार की आबादी वाले इलाके में बना मिनी स्टेडियम लंबे समय से बदहाली का शिकार है। मैदान, बैठने की सीढ़ियां और भवन जर्जर हैं। कहीं पोल टूटे हैं तो कहीं ग्रिल क्षतिग्रस्त है। स्टेडियम में पर्याप्त रोशनी और सफाई की व्यवस्था नहीं है, जबकि सुरक्षा गार्ड न होने से असुरक्षा का माहौल बना रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शाम ढलते ही यहां नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बच्चे और युवा खेल गतिविधियों से वंचित हैं। कुछ छात्राएं वालीबॉल खेलने के लिए अपने स्तर पर नेट की व्यवस्था करती हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार महापौर ने पिछले बुधवार को स्टेडियम का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद एक बार स्टेडियम में सफाई कराई गई, लेकिन स्थानीय लोग इसे पर्याप्त नहीं मानते। उनका कहना है कि मैदान की मरम्मत, टूटी ग्रिल और सीढ़ियों को ठीक करने, लाइट लगाने तथा सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने की जरूरत है।
निवासी श्याम ने बताया कि स्टेडियम की हालत वर्षों से खराब है और यहां सफाई, रोशनी व सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मैदान और भवन की स्थिति भी ठीक नहीं है। दूसरे निवासी दक्ष ने उम्मीद जताई कि स्टेडियम को सुविधाजनक बनाया जाएगा।
महापौर प्रवेश वाही के मुताबिक स्टेडियम का कायाकल्प किया जाएगा और इसके लिए इंजीनियर को एस्टीमेट बनाने को कहा गया है। जर्जर भवन को गिराकर नया बनाया जाएगा और इनडोर सुविधाओं का इंतजाम किया जाएगा, जबकि 80 प्रतिशत हिस्सा ओपन ग्राउंड रहेगा। स्टेडियम की स्थिति सुधारने के लिए हर मंगलवार को निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की पहल भी की गई है।
