इलाहाबाद हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अधिनियम की धारा 22 के तहत पुलिसकर्मी को भले ही हमेशा ड्यूटी पर माना जाता हो, लेकिन केवल इसी आधार पर विवाह भोज में मौजूद चौकी प्रभारी को अगले दिन हुई हत्या के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि पुलिस को सतर्क रहना चाहिए, लेकिन वह सूचना पर ही कार्रवाई कर सकती है। खंडपीठ ने दारोगा राजकुमार गोस्वामी को दी गई निंदा प्रविष्टि और राज्य लोक सेवा ट्रिब्यूनल का आदेश रद्द कर दिया है।

मामले के अनुसार, राजकुमार गोस्वामी मैनपुरी के थाना घिरोर की चौकी कोसमा में तैनात थे। आरोप था कि 26 मार्च 2019 को गांव कोसमा मुसलमीन में एक शादी समारोह में फोटो खींचने को लेकर विवाद हुआ, जिस पर मुकदमा हुआ। अगले दिन शेर-ए-नबी की हत्या हो गई, जिसमें भी मुकदमा दर्ज हुआ। विभाग का कहना था कि दारोगा ने समय पर कार्रवाई नहीं की, इसलिए हत्या हो गई। इसी आधार पर 28 जुलाई 2021 को निंदा प्रविष्टि दी गई। अपील और पुनरीक्षण खारिज हो गए तथा ट्रिब्यूनल ने भी 18 मई 2026 को विभाग का फैसला सही ठहराया।

याची का कहना था कि वे शादी में गए ही नहीं थे और उन्हें विवाद की जानकारी 27 मार्च को रात थाने पहुंचने पर मिली। खंडपीठ ने कहा कि विभाग ने गवाहों के बयानों के आधार पर दारोगा को शादी में मौजूद माना, लेकिन यह नहीं बताया कि उस समय उन्हें गिरफ्तारी का अधिकार था और उन्होंने इसका इस्तेमाल नहीं किया। अगर आरोपित को पकड़कर छोड़ भी दिया जाता तो इस बात की कोई गारंटी नहीं थी कि वह अगले दिन हत्या नहीं करेगा।

कोर्ट ने कहा कि अपराध रोकने के लिए बेहतर पुलिसिंग जरूरी है, लेकिन किसी नियम में यह नहीं बताया गया कि भोज में मौजूद दारोगा को उस समय क्या करना चाहिए था।