इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने कहा है कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री दूरसंचार विभाग के अधिकारी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने या अस्वीकार करने के लिए सक्षम प्राधिकारी हैं। यह अधिकार उनके सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों पर नियंत्रण के दायरे में आता है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी ने परमात्मा राय की ओर से दाखिल आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया।
कोर्ट ने कहा कि किसी अधिकारी को सेवा से हटाने का अधिकार रखने वाले प्राधिकारी को उसके खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी देने या अस्वीकार करने का भी अधिकार है। अदालत ने राय की इस दलील को खारिज कर दिया कि अभियोजन की मंजूरी केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा दी जानी चाहिए थी। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन की मंजूरी देना नीतिगत मामला नहीं है, बल्कि यह सेवा और अनुशासन संबंधी मामलों के दायरे में आता है।
पुनरीक्षण याचिका में राय ने सीबीआई द्वारा दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में अभियोजन की मंजूरी की वैधता को चुनौती देने वाली अपनी अर्जी खारिज करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि राय ने अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से 62 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित की थी। पीठ ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने अभियोजन की मंजूरी को लेकर राय की आपत्ति खारिज करने में कोई अवैधता नहीं की। अदालत ने पुनरीक्षण याचिका को निराधार मानते हुए खारिज कर दिया।
