अल्मोड़ा के हवालबाग विकासखंड के सैनार गांव में पिछले एक माह से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना गुलदार आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। वन विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, सैनार गांव और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक माह से गुलदार की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी। आबादी के आसपास उसकी मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था और लोगों को खेतों तथा रास्तों से गुजरने में भी खतरा महसूस हो रहा था। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की थी, जिसके बाद विभाग ने करीब तीन सप्ताह पूर्व गांव में पिंजरा लगाया था।

लंबे इंतजार के बाद गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आवश्यक सावधानियों के साथ उसका रेस्क्यू किया और एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया।

वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार मादा है और उसकी उम्र करीब आठ वर्ष है। रेस्क्यू के बाद उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें वह स्वस्थ पाया गया। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।