पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। मंगलवार को हुए इस ऐलान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मंच पर मौजूद नहीं थे, जबकि वे इस गठबंधन के सबसे बड़े हिमायती माने जाते रहे हैं। चंडीगढ़ में भाजपा मुख्यालय पर उनकी गैरमौजूदगी को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस छोड़ने के बाद अमरिंदर सिंह 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। उनके पूर्व प्रेस सचिव विमल सम्बली ने गठबंधन के ऐलान के तुरंत बाद एक्स पर पोस्ट कर इसे हैरान करने वाला बताया। उन्होंने लिखा कि जब भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कर रहा था, तब अमरिंदर सिंह भाजपा और अकाली दल के बीच गठबंधन के कट्टर समर्थक थे, लेकिन ऐलान के वक्त वे मंच पर नहीं हैं।

इस बीच भाजपा और अमरिंदर सिंह के रिश्तों को लेकर अनुमानों का दौर तेज है। इन अनुमानों को तब और हवा मिली जब वे दिल्ली में 10 नवंबर को सोनिया गांधी की किताब लॉन्च के कार्यक्रम में पहुंचे और वहां मौजूद एकमात्र भाजपा नेता थे। हालांकि अमरिंदर सिंह ने अपनी मौजूदगी को निजी बताते हुए इसे राजनीति से जोड़ने से इनकार किया था। इससे पहले 4 जून को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हूडा ने दावा किया था कि अमरिंदर सिंह कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हैं, जबकि 7 अगस्त को राहुल गांधी ने उन्हें भाजपा में अपना पसंदीदा नेता बताया था।

गौरतलब है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणा की और इसे एक राष्ट्रीय और भावनात्मक समझौता बताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और उसके वापस आने से एनडीए पूरा हो गया है।