अंबेडकरनगर जिला गुरुवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। बुधवार रात से ही धुंध का असर दिखने लगा था। कम दृश्यता के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग टांडा-बांदा और अयोध्या-बसखारी फोरलेन पर भारी वाहनों के पीछे छोटे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। फॉग लाइट भी बेअसर रहीं और चालकों को हेडलाइट जलाकर वाहन धीमी गति से चलाने पड़े। स्कूल जाने वाले बच्चों और ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी हुई। कई जगह लोग कोहरा छंटने का इंतजार करते दिखे। बाजारों में दुकानें देर से खुलीं और किसान भी देर से खेतों में पहुंचे।
अकबरपुर स्टेशन से गुजरने वाली दून एक्सप्रेस पांच घंटे विलंब से पहुंची, जबकि आनंद विहार टर्मिनल-मऊ एक्सप्रेस और सियालदह एक्सप्रेस चार-चार घंटे देर से आईं। साबरमती एक्सप्रेस भी चार घंटे विलंब से पहुंची। ओखा-गुवाहाटी, जम्मू तवी, गंगा सतलज और फरक्का एक्सप्रेस दो से तीन घंटे विलंब से पहुंचीं। पूछताछ केंद्र के बृजेश यादव ने बताया कि रात में सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति कम की गई थी। अकबरपुर डिपो से सुबह पांच बजे वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, लखनऊ और अयोध्या जाने वाली बसें भी विलंब से रवाना हुईं।
मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि आने वाले दिनों में भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण नमी बढ़ी है, जिससे सुबह घना कोहरा बनेगा। गुरुवार सुबह सात बजे तक जिले का अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दोपहर में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
