गौतमबुद्ध नगर में जनगणना के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा चार्ज अधिकारियों को लगाई गई फटकार के बाद प्रक्रिया में तेजी आई है। बृहस्पतिवार तक जनपद में 1600 से अधिक लोगों ने अपनी ऑनलाइन स्व-गणना सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इनमें ग्रेटर नोएडा में सर्वाधिक 658 और नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 572 स्व-गणना दर्ज की गई हैं। दादरी क्षेत्र 133 स्व-गणना के साथ तीसरे स्थान पर है।

जिला प्रशासन ने स्व-गणना का कार्य शत-प्रतिशत कराने के लिए जनपद को 12 जोन में बांटा है, जिसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र अलग रखे गए हैं। हर क्षेत्र में एक चार्ज अधिकारी तैनात किया गया है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना कराई जा रही है।

बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्व-गणना प्रक्रिया पर समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी जोन के चार्ज अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पोर्टल की तकनीकी दिक्कत और स्व-गणना की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद जनपद में 1629 लोगों की स्व-गणना सफलतापूर्वक रिकॉर्ड की गई।

जिलाधिकारी मेधा रूपम के अनुसार, जनगणना के दूसरे चरण को समय से पूरा करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है और स्व-गणना के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में कुल 8000 प्रगणक हैं। नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में 2843 हाउस लिस्टिंग ब्लाक, 353 सुपरवाइजर और 2364 प्रगणक हैं।