गुरुग्राम में घर-घर से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी संभालने के लिए नगर निगम की ओर से चयनित दो निजी एजेंसियों के साथ अनुबंध हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन नई एजेंसियों ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। फिलहाल पुरानी एजेंसी ही घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रही है। नगर निगम की टेंडर शर्तों के अनुसार एजेंसियों को अनुबंध पर हस्ताक्षर होने के 30 दिन के भीतर वाहनों, मशीनरी और कर्मचारियों में से कम से कम 50 प्रतिशत की तैनाती करनी थी, जबकि अगले 30 दिन में शेष संसाधन उपलब्ध कराने थे।
क्लस्टर-1 और क्लस्टर-2 के लिए दो अलग-अलग एजेंसियों के साथ 16 अक्टूबर और 19 अक्टूबर को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे। इस हिसाब से पहली एजेंसी के लिए 15 नवंबर और दूसरी के लिए 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत संसाधन उपलब्ध कराने की समयसीमा पूरी हो चुकी है। 19 नवंबर तक दोनों एजेंसियों ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नई व्यवस्था शुरू नहीं की है।
टेंडर की शर्तों के अनुसार एजेंसियों को कूड़ा संग्रहण के लिए अपने वाहन, मशीनरी और कर्मचारी उपलब्ध कराने होंगे। क्लस्टर-2 के परियोजना सूचना ज्ञापन में 90 ई-रिक्शा, 331 छोटे व्यावसायिक वाहन, आठ कंपैक्टर, चार जेसीबी और 17 हुक लोडर सहित अन्य संसाधन लगाने हैं। इनके संचालन के लिए चालक, सहायक, सुपरवाइजर और शिकायत केंद्र के कर्मचारी भी एजेंसी को ही रखने होंगे। स्थायी एजेंसियों के काम शुरू नहीं करने और पूरे वाहन नहीं होने के कारण शहर में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं।
टेंडर के अनुसार अनुबंध के 30 दिन में कम से कम 50 प्रतिशत और 60 दिन में सभी जरूरी संसाधनों की तैनाती करनी होगी। 75 दिन बाद भी पूरी तैनाती नहीं होने पर नगर निगम को अनुबंध समाप्त करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और संबंधित एजेंसी को दो साल के लिए प्रतिबंधित करने का अधिकार होगा। दोनों एजेंसियों को पांच साल के लिए ठेका दिया गया है और संतोषजनक काम पर दो-दो साल के दो विस्तार भी दिए जा सकते हैं। नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज के अनुसार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तैयारी की जा रही है और एजेंसियों के पास 31 दिसंबर तक का समय है।
