बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम में 19 नवंबर को दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की लूट की जांच में बिहार एसटीएफ और पुलिस जुटी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात की साजिश जेल के भीतर से रचे जाने के संकेत मिले हैं और इसमें समस्तीपुर-हाजीपुर मॉड्यूल के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने चार से पांच आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गुरुवार को पटना पुलिस मुख्यालय में डीजीपी प्रीता वर्मा और डीजी विशेष शाखा एवं एसटीएफ कुंदन कृष्णन ने सभी क्षेत्रीय आईजी-डीआईजी, एसएसपी और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मैराथन बैठक की। इसमें ज्वेलरी शोरूम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की समीक्षा की गई। सभी जिलों के एसपी को थानास्तर पर शोरूम संचालकों से संवाद स्थापित कर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए। ठंड के मौसम में चोरी और डकैती बढ़ने की आशंका को देखते हुए दिन के साथ रात में भी विशेष गश्ती और चौकसी बरतने को कहा गया है।
शोरूम संचालकों के लिए जारी सुरक्षा गाइडलाइन में कम से कम दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति, डबल डोर और अलार्म सिस्टम लगाने तथा सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और उनकी नियमित निगरानी करने की सलाह दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने ज्वेलरी शॉप, बैंकिंग प्रतिष्ठानों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) दोबारा जारी की है। इसके तहत सभी जिलों को थानास्तर पर चोरी, लूट और डकैती के लिहाज से संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित करने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास के संवेदनशील इलाकों और आवागमन के रास्तों की मैपिंग करने का निर्देश है।
बेतिया के भीड़भाड़ वाले सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम से 19 नवंबर को दिनदहाड़े करोड़ों के गहने लूटे गए थे। लूटे गए सोने-हीरे के आभूषणों की सटीक कीमत को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं, जिसमें 15 से 40 करोड़ रुपये के बीच का अनुमान है। शोरूम संचालक और शॉप में घिरे परिवारों के अनुसार नुकसान 40 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। बेतिया पुलिस लूटे गए आभूषणों और नकदी के सटीक आकलन के साथ-साथ संदिग्धों और लूटे गए सामान की तलाश में जुटी है। इस मामले में अब तक पुलिस को कुछ खास कामयाबी नहीं मिली है।
