सरयू नदी के किनारे बसा अंबेडकरनगर पूर्वी उत्तर प्रदेश की उस सियासत का अहम केंद्र है, जहां हर दशक में सत्ता के समीकरण बदलते रहे हैं। 29 सितंबर 1995 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने फैजाबाद से काटकर इस जिले की नींव रखी। इसके बाद 1996 के लोकसभा चुनाव में बसपा के घनश्याम चंद्र खरवार ने जीत हासिल की और खुद मायावती 1998, 1999 और 2004 में यहां से सांसद चुनी गईं। इस दौर में टांडा से लालजी वर्मा, अकबरपुर से राम अचल राजभर, कटेहरी से धर्मराज निषाद और आलापुर से त्रिभुवन दत्त जैसे चेहरे उभरे। 2007 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने जिले की सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की।
2012 में समाजवादी पार्टी ने पांचों सीटों पर जीत हासिल कर बसपा का किला तोड़ा। 2014 की मोदी लहर में भाजपा ने पहली बार अंबेडकरनगर लोकसभा सीट जीती और 2017 के विधानसभा चुनाव में टांडा से संजू देवी और आलापुर से अनीता कमल ने जीत दर्ज की। हालांकि 2017 में भी बसपा ने कटेहरी, अकबरपुर और जलालपुर सीटें जीतीं। 2022 से पहले बसपा के लालजी वर्मा और राम अचल राजभर सपा में शामिल हो गए, जिसके बाद सपा ने फिर पांचों सीटों पर कब्जा जमाया।
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सांसद रितेश पांडे ने बसपा छोड़कर भाजपा जॉइन की, लेकिन सपा के लालजी वर्मा ने उन्हें बड़े अंतर से हराया। लालजी वर्मा के सांसद बनने से खाली हुई कटेहरी सीट पर नवंबर 2024 के उपचुनाव में भाजपा ने धर्मराज निषाद के जरिए 34 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की। फिलहाल जिले की पांच में से चार सीटों पर सपा और एक पर भाजपा का कब्जा है, जबकि बसपा अपनी खोई जमीन तलाश रही है।
2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है। जिले के कुल मतदाताओं में करीब 25 प्रतिशत दलित और 20 प्रतिशत मुस्लिम सबसे बड़े समूह हैं, लेकिन नतीजे का रुख निषाद, राजभर, कुर्मी, मौर्य और पाल जैसी अति-पिछड़ी जातियों की गोलबंदी और बसपा के बिखरते कोर वोट बैंक पर निर्भर करेगा। सपा के पास लालजी वर्मा की कुर्मी वोटों पर पकड़ और राम अचल राजभर के रूप में राजभर समाज का चेहरा है, जबकि कटेहरी उपचुनाव की हार और राकेश पांडे परिवार की भाजपा से नजदीकियां उसके लिए चुनौती बनी हुई हैं।
