मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत अमेठी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उद्यमी बनाने की कवायद शुरू की गई है। उद्योग विभाग से संचालित इस योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष के लिए जिले को 1105 महिलाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य दिया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ने इच्छुक महिलाओं से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत महिलाओं को उनके चुने गए उद्यम के जरिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे स्वयं का रोजगार कर स्वावलंबी बन सकें।
लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 779 महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें से 266 से अधिक महिलाओं के ऋण की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 246 महिलाओं को ऋण मुहैया करा दिया गया है। महिलाएं सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मुर्गी पालन, आटा चक्की, किराना स्टोर, मसाला, डिटर्जेंट पाउडर के साथ केक, बेकरी, अचार और मुरब्बा जैसे उद्यमों के लिए आवेदन कर रही हैं।
पिछले वर्ष जिले को 1800 महिलाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य मिला था, जिसके सापेक्ष 949 से अधिक महिलाएं उद्यमी बनकर खुद का कारोबार कर रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक लाभ मिल रहा है और वे दूसरों को भी रोजगार दे रही हैं।
उपायुक्त स्वत: रोजगार प्रवीणा शुक्ला के अनुसार, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इस योजना से जुड़कर स्वावलंबी बनेंगी। इससे उनकी आजीविका सुनिश्चित होगी और उन्हें आर्थिक रूप से भी लाभ मिलेगा।
