अमरोहा के हसनपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत गंगेश्वरी के मझरा फूलपुर निवासी ग्रेजुएट किसान अमित कुमार दो एकड़ भूमि में ब्राह्मी और मंडूकपर्णी जैसी औषधीय फसलों की खेती कर रहे हैं। उन्होंने तीन वर्ष पहले वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), लखनऊ से औषधीय खेती का प्रशिक्षण लिया था, जिसके बाद उन्होंने यह खेती शुरू की। वैज्ञानिक तरीकों और जैविक खाद के इस्तेमाल से उनकी फसल साल में तीन बार तैयार हो जाती है। एक एकड़ में करीब 15 क्विंटल तक सूखी फसल मिलती है, जो बाजार में 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बिकती है। पतंजलि सहित अन्य औषधीय कंपनियां उनका उत्पाद खरीद रही हैं। अमित कुमार रसायनिक उर्वरक का इस्तेमाल नहीं करते और खेत में केवल गोबर की देसी खाद का प्रयोग करते हैं। मंडूकपर्णी और ब्राह्मी का इस्तेमाल याददाश्त बढ़ाने की दवाइयों में किया जाता है। अमित का कहना है कि किसानों को केवल परंपरागत फसलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए और बाजार की मांग तथा खेती की संभावनाओं को समझकर औषधीय पौधों की खेती अपनानी चाहिए। वह क्षेत्र के अन्य किसानों को भी इस खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।