डिंडौरी में राघवपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के मुआवजे को लेकर एक परिवार में विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम मरवारी निवासी भादू सिंह और फुली बाई की छह बेटियां हैं। बुजुर्ग दंपती ने बेटी मल्ली बाई और उनके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था, और करीब 16 एकड़ जमीन का दानपत्र इन्हीं दोनों के नाम था। यह जमीन राघवपुर बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आने पर इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपये का मुआवजा तय हुआ। रकम मिलने के बाद अन्य बहनों ने भी जमीन में हिस्सा होने का दावा करते हुए रकम मांगी। गांव में पंचायत हुई, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका।

चार बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत की थी। बताया गया है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को न्यायालय जाने की सलाह दी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बहनें गांव में ही विवाद सुलझाना चाहती थीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये देने पर सहमति बनी, जिसके तहत पांच लाख रुपये नकद और बाकी पांच लाख रुपये बैंक से निकालकर देने की बात तय हुई। आरोप है कि चूरामन ने पंचायत के सामने पांच लाख रुपये दे दिए, लेकिन बाकी रकम देने में आनाकानी करने लगे।

बुधवार को कलावती, कलिया, हेमवती और भगवती पांच लाख रुपये नकद से भरा थैला लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और एसपी आशीष खरे की टेबल पर थैला रखकर शेष पांच लाख रुपये दिलाने की गुहार लगाई। हेमवती ने बताया कि पूरा मुआवजा चूरामन के खाते में आया है और तय समझौते के मुताबिक अब तक केवल पांच लाख रुपये ही मिले हैं। उन्होंने प्रधान आरक्षक को पांच लाख रुपये देने के आरोपों को भी गलत बताया।

दूसरी ओर, चूरामन भरिया ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल पर मुआवजे में से पांच लाख रुपये लेने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रधान आरक्षक ने इन आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताया है। एसपी आशीष खरे ने बहनों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की सलाह दी और कहा कि वे गांव की पंचायत, कलेक्टर कार्यालय या जरूरत पड़ने पर सिविल न्यायालय का सहारा ले सकती हैं। उनके अनुसार, जमीन के स्वामित्व, हिस्सेदारी और मुआवजे से जुड़े विवाद राजस्व अधिकारियों या सक्षम न्यायालय के माध्यम से सुलझाए जाते हैं।