महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 6 छात्र घायल हो गए। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद ट्रक तेज रफ्तार से दूसरे वाहनों को ओवरटेक करते हुए दिखाई देता है। फुटेज के मुताबिक, ट्रक सड़क किनारे मुड़ता है और बस स्टॉप पर खड़े छात्रों को टक्कर मार देता है। टक्कर के बाद कुछ पल के लिए ट्रक का संतुलन बिगड़ता है, लेकिन चालक ट्रक को रोकता नहीं है। ट्रक के साथ चल रहा एक ऑटो रिक्शा भी अनियंत्रित हो जाता है, जो सामने से आ रही कार से टकराने से बाल-बाल बचता है।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक बोपदेव घाट की ओर से नीचे उतर रहा था और उसमें डीजे का सामान लदा हुआ था। येवलेवाड़ी इलाके में कॉलेज के मुख्य गेट के सामने ट्रक ने पहले आगे चल रही एक हुंडई कार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे बस स्टॉप की ओर चला गया, जहां बस का इंतजार कर रहे छात्र इसकी चपेट में आ गए।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान 22 साल के प्रतीक मारुति चव्हाण के रूप में हुई है, जो पुरंदर के मालशिरस का रहने वाला है। उसे हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए ससून अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण चालक का ट्रक से नियंत्रण खोना हादसे की वजह बताया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।