राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के नवीनतम निष्कर्षों के अनुसार बिहार में 63 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं। एशियाई विकास अनुसंधान संस्थान (आद्री) के रीडिंग क्लब कार्यक्रम में प्रस्तुत एक शोध में यह स्थिति सामने आई है।
शोध के मुताबिक राज्य में 74 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं तक आयरन की गोलियां पहुंच रही हैं, लेकिन इनमें से केवल 22 प्रतिशत महिलाएं ही इनका सेवन कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर है, जहां निर्धारित 180 दिनों तक नियमित रूप से गोलियां लेने वाली महिलाओं की संख्या महज 10 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट होता है कि समस्या केवल दवाओं की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित सेवन और जागरूकता भी बड़ी चुनौती है।
शोध में सामने आया कि महिलाओं के बीच कई तरह की धारणाएं आयरन की गोलियों के नियमित सेवन में बाधा बन रही हैं। बहुत कम महिलाओं को जानकारी है कि एनीमिया गंभीर और जानलेवा स्थिति बन सकता है। कई महिलाओं को यह भी पता नहीं है कि नियमित रूप से आयरन की गोलियां लेने से खून की कमी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा गोलियों के संभावित दुष्प्रभावों का डर और सरकारी आयरन की गोलियों पर कम भरोसा भी इनके सेवन में बाधा बन रहा है।
इस समस्या को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने एक पायलट स्टडी की, जिसके तहत ग्रामीण बिहार की 42 गर्भवती महिलाओं, 15 सासों और 13 सामुदायिक स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत की गई। यह शोध नीदरलैंड्स के रॉटरडैम स्थित इरास्मस विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रहीं आनंदिता बारडिया ने कार्लोस रियुमालो-हेर्ल, इग्ना बानफ्रेर और पिलार गार्सिया-गोमेज़ के साथ मिलकर किया है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इस समस्या का समाधान केवल गोलियां उपलब्ध कराने से नहीं होगा, बल्कि परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करना जरूरी है। आद्री की सदस्य-सचिव डॉ. अश्मिता गुप्ता ने इस विषय को बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
