बदायूं के ककोड़ा मेले में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ संपन्न हो गया, लेकिन मेले की रौनक अभी थमी नहीं है। अगले एक सप्ताह तक मेला गुलज़ार रहेगा और गंगा घाटों पर स्नान का सिलसिला जारी रहेगा। बरेली, पीलीभीत समेत आसपास के जिलों से आए श्रद्धालु भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आनंद ले रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की व्यवस्था बनाए रखी है।

मुख्य स्नान बीत जाने के बाद भी मेला परिसर में चहल-पहल बनी हुई है। बुधवार को तंबुओं में ठहरे श्रद्धालुओं ने मेले में खूब खरीदारी की, जिससे पूरे दिन चहल-पहल रही। तंबूवासियों के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर आमतौर पर वे लोग मेला घूमने आते हैं जो केवल एक दिन के लिए पहुंचते हैं, जबकि तंबुओं में रुकने वाले श्रद्धालु मुख्य स्नान के दूसरे दिन मेला भ्रमण को प्राथमिकता देते हैं।

इसके पीछे एक अहम मान्यता और परंपरा भी जुड़ी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि पूर्णिमा के बाद पड़ने वाली परवा के दिन घर लौटना शुभ नहीं माना जाता, इसलिए लोग परवा वाले दिन वापस नहीं जाते। नतीजतन, परवा के पूरे दिन मेले और मीना बाजार में खासी रौनक रही। हालांकि भीड़ मुख्य स्नान के मुकाबले थोड़ी कम रही, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

बरेली और दूरदराज के जिलों से आए कई श्रद्धालु सप्ताह भर तक ककोड़ा मेले में ही रुकने का मन बनाकर आते हैं। उनका कहना है कि वे पूरे साल इस मेले का इंतजार करते हैं और रोजमर्रा की भागदौड़ छोड़कर यहां बेफिक्र होकर समय बिताते हैं। प्रशासन और जिला पंचायत ने बचे दिनों के लिए प्रकाश, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।