लखनऊ: उत्तर प्रदेश में फरवरी-मार्च 2027 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। इसके लिए समाजवादी पार्टी गुरुवार, 26 नवंबर को संविधान दिवस के दिन दोपहर 3 बजे अपना घोषणा पत्र जारी करने वाली है। बताया जाता है कि सपा का यह घोषणा पत्र उसके पीडीए फॉर्मूले के मुताबिक पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के साथ आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होगा। सपा ने इसे 'जन-मन घोषणापत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र' नाम दिया है। यह घोषणा पत्र तीन श्रेणियों में जारी होगा, जिसमें राज्य स्तरीय घोषणा पत्र, सभी 75 जिलों के लिए जिला स्तरीय घोषणा पत्र और राजधानी लखनऊ के लिए अलग घोषणा पत्र शामिल होगा।

इससे पहले सन 2022 के अपने चुनावी घोषणा पत्र में सपा ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और जन स्वास्थ्य से जुड़े कई वादे किए थे। पार्टी ने सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य तय करने, 2025 तक किसानों को कर्ज मुक्त करने, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने और गन्ना किसानों को 15 दिन में भुगतान के लिए 10,000 करोड़ रुपये का फंड बनाने का वादा किया था। इसके अलावा दो एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को मुफ्त खाद और किसान आंदोलन में मृत किसानों के परिवारों को 25 लाख रुपये की सहायता देने का वादा भी घोषणा पत्र में शामिल था।

बिजली, ईंधन और रोजगार को लेकर भी सपा ने कई वादे किए थे। पार्टी ने सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, बीपीएल परिवारों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और दोपहिया वाहन चालकों को हर महीने एक लीटर मुफ्त पेट्रोल देने की बात कही थी। युवाओं के लिए सपा ने 2027 तक 10 लाख सरकारी नौकरियां और एक करोड़ निजी कंपनियों में रोजगार देने का वादा किया था। महिलाओं को 'समाजवादी पेंशन' के तहत हर साल 18,000 रुपये देने, सरकारी नौकरियों और पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी वादा घोषणा पत्र में था। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सपा ने कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं देने और राज्य का स्वास्थ्य बजट बढ़ाकर कुल बजट का करीब 10 प्रतिशत करने की बात कही थी।