बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज करने के लिए राज्य सरकार ने बड़े फैसले किए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से 31 दिसंबर तक पात्र आवेदकों को नागरिकता देने की समयसीमा तय किए जाने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब जिला मुख्यालयों के साथ अनुमंडल स्तर पर भी सुनवाई होगी और शनिवार तथा सार्वजनिक छुट्टियों में भी यह काम किया जाएगा। अब तक सीएए के तहत आवेदनों पर सुनवाई केवल जिलाधिकारियों के कार्यालयों में होती थी। सरकार का मानना है कि अनुमंडल प्रशासन को शामिल करने से आवेदकों को जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत कम होगी और लंबित आवेदनों का निपटारा तेजी से होगा।
राज्य सरकार के सूत्रों के अनुसार, सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने तक रविवार को छोड़कर सभी दिन अधिकारी और कर्मचारी इस काम में लगे रहेंगे। सुनवाई के दौरान आवेदकों को दस्तावेजों की उपलब्धता के आधार पर दो श्रेणियों में रखा जाएगा। जिन आवेदकों के दस्तावेज संतोषजनक पाए जाएंगे और नागरिकता के लिए पात्रता प्रमाणित होगी, उनके आवेदन पहली ही सुनवाई में मंजूर किए जा सकते हैं। जिनके पास जरूरी दस्तावेज नहीं होंगे या जिनके मामलों में अतिरिक्त जांच की जरूरत होगी, उन्हें दूसरी सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा।
इससे पहले राज्य सरकार ने नागरिकता प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए 12 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) अधिकारियों को तैनात किया था। इन अधिकारियों को दो महीने के लिए उत्तर 24 परगना और नदिया जिले में जिम्मेदारी दी गई है, जहां मतुआ शरणार्थियों की सबसे अधिक आबादी है। अधिकारियों को दस्तावेजों के सत्यापन और जिलाधिकारियों के साथ समन्वय कर लंबित आवेदनों के निपटारे में सहयोग करना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले मतुआ समुदाय को भरोसा दिलाया था कि सीएए के तहत पात्र शरणार्थियों को पहले भारतीय नागरिकता दी जाएगी और इसके बाद उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 19 अगस्त को अधिसूचना जारी कर बंगाल समेत आठ सीमावर्ती राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के जिलाधिकारियों को सीएए के तहत नागरिकता प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने प्रमाणपत्र जारी करने शुरू किए, लेकिन प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ सकी। इस बीच, बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 23 नवंबर से शुरू होने वाली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है।
