विदिशा में सिरोंज-लटेरी मार्ग पर बुधवार तड़के करीब 4 बजे एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। घटनास्थल की पड़ताल के लिए भोपाल से डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया। वन विभाग के मुताबिक, ग्राम तोरई, बाघरोद और पाठन के बीच स्थित प्लांटेशन क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ विचरण कर रही थी, और स्थानीय लोगों ने भी उसे कई बार इस इलाके में देखा था।
वन विभाग के रेंजर ब्रज मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से डॉग स्क्वाड बुलाकर जांच कराई गई। शुरुआती पड़ताल में शिकार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। तेंदुए के सिर और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए हैं।
रेंजर ने आशंका जताई कि सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर लगने से तेंदुए की मौत हो सकती है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, और रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
