जमुई जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के कर्रा गांव में चोरी के आरोप में एक युवक के साथ मारपीट और उसे ब्लाउज पहनाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पीड़ित की पहचान विकास कुमार दास के रूप में हुई है। आरोप है कि उसे रात में घर से घुमाने के बहाने ले जाकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई। इस दौरान उसके कपड़े फाड़े गए और ब्लाउज पहनाया गया। पीड़ित की पत्नी शोभा देवी ने एससी-एसटी थाना, जमुई में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार घटना 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे की बताई जाती है। पत्नी का आरोप है कि गांव के दिनेश यादव और मुकेश यादव, पिता लालजीत यादव के साथ दुकान की बिक्री को लेकर विवाद हुआ था और इसी रंजिश में उनके पति पर चोरी का आरोप लगाकर मारपीट की गई। उन्होंने जाति को लेकर अपमानजनक बातें कहने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार गांव में चाउमिन और पकौड़े की दुकान चलाता है। शोभा के अनुसार उनकी दुकान पर बिक्री अधिक होती थी, जिसको लेकर आरोपित पक्ष नाराज था और दो दिन पहले कहासुनी हुई थी।

विकास के बाबा सहदेव रविदास ने बताया कि विकास को ले जाने के बाद रात करीब 1 बजे से 3 बजे तक उसके साथ मारपीट की गई और उस पर चोरी का आरोप लगाया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज में परेशानी हो रही थी, बाद में गांव और समाज के लोगों ने चंदा जुटाकर आर्थिक मदद की। विकास की स्थिति अभी भी नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है। पीड़ित की पत्नी ने 20 नवंबर को थाने में आवेदन दिया; उनका कहना है कि पति के इलाज में व्यस्त रहने के कारण देरी हुई।

एससी-एसटी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि मामले में केस संख्या 38/26 दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और आरोपित फरार बताए जाते हैं। एसपी जमुई विश्वजीत दयाल ने कहा कि छठ पर्व के आसपास की यह घटना उनके संज्ञान में आई थी और छानबीन में पता चला कि कर्रा गांव में विकास कुमार दास के साथ मारपीट की घटना में एससी-एसटी थाना में कांड दर्ज हुआ है। सूचना के अनुसार विकास घटना के दिन स्थानीय थाना भी गए थे और चोट अधिक होने के कारण उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था। एसपी ने कहा कि यदि इसमें पुलिस की कोई लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।