बाहरी दिल्ली के बादली विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-19 स्थित स्वरूप नगर में बुधवार को 10 साल के एक बच्चे के गर्म प्रेस से झुलसने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शरारत करने पर बच्चे की मां ने उसे गर्म प्रेस से तीन जगह जला दिया। बच्चे के चेहरे और पैर पर जलने के निशान मिले हैं। इसकी सूचना समाजसेवी नवीन ने स्थानीय पार्षद को दी, जिसके बाद पार्षद ने बच्चे को उपचार के लिए बुराड़ी अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थानीय पार्षद जोगेंद्र सिंह ने बताया कि समाजसेवी नवीन से सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। उस समय बच्चा दर्द से तड़प रहा था। उन्होंने तत्काल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस तथा चाइल्ड वेलफेयर विभाग को सूचना दी। चाइल्ड वेलफेयर की ओर से प्रवीन भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
दूसरी ओर, बच्चे की मां ने उसे जानबूझकर जलाने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे हादसा बताया है। महिला ने कहा कि वह बिहार के पूर्णिया जिले की रहने वाली है और उसके तीन बच्चे हैं। पति बेलदारी करते हैं, जबकि वह खुद घरों में काम करती है। झुलसा बच्चा उसका सबसे छोटा बेटा है। महिला का दावा है कि वह कपड़ों पर प्रेस कर रही थी, प्रेस ऊपर रखी थी और वह बच्चे पर गिर गई, जिससे वह झुलस गया। उसने यह भी कहा कि बेटा अक्सर घर से गायब रहता है और उसे आशंका है कि वह नशे की ओर बढ़ रहा है। वहीं, देर शाम बच्चे से पूछा गया तो उसने कहा कि वह खुद जला है।
पुलिस ने बच्चे को माता-पिता समेत वीरवार सुबह नौ बजे थाने में बुलाया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चा किन परिस्थितियों में झुलसा है। मां के आरोपों से इनकार और बच्चे को लेकर सामने आए आरोपों की भी पुलिस जांच करेगी।
