अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पतेई खालसा की रहने वाली 23 वर्षीय रोशनी राघव ने इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद अपना वैवाहिक घर छोड़कर मुरादाबाद निवासी 37 वर्षीय अमित कुमार के साथ लिव-इन में रहने का फैसला किया है। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई, जिसके बाद रोशनी ने यह कदम उठाया। अमित कुमार पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता बताया जा रहा है, जिसके चलते इस रिश्ते को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले का सबसे चर्चित पहलू दोनों का तैयार कराया गया इकरारनामा है। 100 रुपये के स्टांप पेपर पर साथ रहने की नौ शर्तें लिखी गईं और दोनों ने इकरारनामे के जरिए अपनी सहमति दर्ज कराई। यानी रिश्ते की शुरुआत भले ही इंस्टाग्राम पर हुई हो, लेकिन इसे आगे बढ़ाने के लिए दोनों ने कागज पर नियम और शर्तें तय करना जरूरी समझा।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, घर छोड़ने का फैसला और फिर स्टांप पेपर पर नौ शर्तों का इकरारनामा, इस पूरे घटनाक्रम ने अमरोहा से मुरादाबाद तक लोगों का ध्यान खींचा है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है। अब देखने वाली बात होगी कि नौ शर्तों पर शुरू हुआ यह साथ आगे किस मुकाम तक पहुंचता है।