दिल्ली-उत्तर प्रदेश रेल मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए गाजियाबाद से मुरादाबाद के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन बनाई जाएगी। इस परियोजना के तहत अमरोहा जिले के 46 गांवों के किसानों से कुल 71.3922 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। जिला विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी करमेंद्र सिंह के अनुसार, तीनों तहसीलों में जमीन के गाटों का मिलान लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही इन्हें सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद जमीन पर स्थित पेड़, बिजली लाइन और अन्य परिसंपत्तियों के सर्वे का काम किया जाएगा।

गाजियाबाद-मुरादाबाद, मुरादाबाद-रोजा और रोजा-सीतापुर के बीच 402.78 किलोमीटर तक तीसरी और चौथी रेलवे लाइन का निर्माण प्रस्तावित है। अमरोहा जिले में अमरोहा तहसील के 27 गांवों की 48.1182 हेक्टेयर, धनौरा तहसील के 14 गांवों की 12.487 हेक्टेयर और हसनपुर क्षेत्र के पांच गांवों की 10.787 हेक्टेयर जमीन रेलवे बोर्ड किसानों की सहमति के आधार पर खरीदेगा।

तीनों तहसीलों में परियोजना के संरेखण से प्रभावित गांवों की जमीन के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई जा चुकी है। साथ ही धारा-80 के तहत भूमि पर अनाधिकृत निर्माण पर भी रोक लगाई गई है। गाटों के मिलान की कार्रवाई पूरी होने के बाद अधिग्रहण की आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जिन गांवों की जमीन प्रभावित होगी, उनमें काफूरपुर, नरैना कलां, भटपुरा माफी, जलीलपुर मुलकटा, महेशरा, शेखूपुर शुमाली, शाहपुर बुजुर्ग, भानपुर खालसा, अलीपुर भूड़ शुमाली, अफजलपुर गोसाईं, रुस्तमपुर खादर, मोहरका, चौबारा, शहबाजपुर डोर, कांकाठेर, ओसिता एहतमाली, जगदेपुर, पायंती कलां, सिरसा मोहन, नौरंगी, मुजफ्फरपुर पट्टी, सिरसा मनिहार, वाजिदपुर, चककालीलेट, कासिमपुर जट, लोदीपुर बंजारा, मोहड़ी जट, पृथ्वीपुर कलां, कैलसा, उमर मोहम्मदपुर, अदलपुर ताज, तेलीपुरा माफी, केशोपुर, उमरपुर, धनौरी अहीर, सलेमपुर हेमनगर, अमरोहा खास चुंगी, गुलड़िया, खालकपुर खादर, सदलपुर, गफ्फारपुर, धकतोड़ा और चांदनगर शामिल हैं।