अमेरिका के लुइसियाना राज्य में रविवार शाम एक एमट्रैक ट्रेन बुलडोजर ले जा रहे सेमी-ट्रक से टकराकर आंशिक रूप से पटरी से उतर गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। ट्रेन में 95 यात्री सवार थे।

लाफायेट अग्निशमन विभाग के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार शाम उस समय हुई जब लाफायेट के पूर्व में स्थित एक रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन बुलडोजर ले जा रहे 18-पहिया ट्रक से टकरा गई। लाफायेट पुलिस विभाग की सार्जेंट एशले वुड ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि टक्कर के समय ट्रक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था।

घटनास्थल की तस्वीरों में ट्रेन का पटरी से उतरा हुआ एक डिब्बा पटरियों से दूर एक खेत में सीधा खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि बुलडोजर रेलवे ट्रैक के बगल में एक तरफ पलटा हुआ और उसके कई हिस्से टूटकर बिखरे नजर आ रहे हैं।

स्थिति सुरक्षित होने के बाद दमकलकर्मियों ने यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालने में मदद की। लाफायेट की मेयर-प्रेसिडेंट मोनिक ब्लैंको बुलेट ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी कि हादसे में घायल हुए पांचों लोगों को मामूली चोटें आई हैं।