सुप्रीम कोर्ट ने कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत उन्हें समय से पहले रिहा किया गया था। इस फैसले पर जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आनंद मोहन को जल्दी सरेंडर करना चाहिए।

तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब आनंद मोहन को एक महीने के अंदर सरेंडर करना है, तो वे ऐसा क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी आपराधिक छवि वाले लोगों को जेल जाना चाहिए और सरकार को उन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जेल मैनुअल में ऐसा बदलाव होना चाहिए कि जिन लोगों के कारण बिहार बदनाम होता है, उन्हें आजीवन कारावास मिले।

तेज प्रताप यादव ने अनंत सिंह की बेटी की शादी में हुए खर्च पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इतना खर्च कहां से हो रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए और इस मामले में ईडी व सीबीआई को लगाया जाना चाहिए।

बता दें कि गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा हुई थी। बिहार सरकार ने जेल मैनुअल में बदलाव कर उन्हें तत्काल प्रभाव से रिहा कर दिया था, जिसे कृष्णैया की बेटी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।