पटना। बाढ़ के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की हल्दी की रस्म 23 नवंबर को निभाई गई। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में सिंगर आर्यन बाबू ने विधायक के आते ही 'देले मोछिए पर शान रंगबाज' गाना गाया। इस पंक्ति के गाते ही अनंत सिंह ने गायक के सम्मान में अपनी मूंछों पर ताव देकर दिखाया, जिसके बाद पंडाल में जमकर तालियां बजीं। कार्यक्रम में सिंगर आर्यन बाबू, अनुपमा यादव, खुशी कक्कड़ और डांसर अर्चना ने भी अपनी प्रस्तुति दी।
अनंत सिंह खुद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के शौकीन बताए जाते हैं और अपने हर कार्यक्रम में सिंगरों को विशेष तौर पर बुलाते हैं। बेटी की शादी से जुड़ी सभी रस्में बाढ़ के उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा) में की जा रही हैं। बताया गया है कि 25 दिसंबर को बिहटा से दूल्हे ऋषिकेश बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे।
शादी की तैयारियां बिल्कुल शाही अंदाज में की गई हैं। इसके लिए एक घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें पहले नंबर पर आने वाले को थार जीप इनाम में मिलेगी। खाने-पीने को लेकर भी बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए हैं।
अनंत सिंह को अंदाजा है कि बेटी की शादी में लोगों की भारी भीड़ उमड़ेगी। इसके लिए 10 बीघे जमीन में पंडाल सजवाया गया है। कहा जा रहा है कि शादी की दावत में 5 लाख से ज्यादा लोगों के लिए इंतजाम किया गया है, जबकि मेनू में 150 से ज्यादा व्यंजनों की सूची रखी गई है।
