मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी संपन्न होने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता पर नजरें टिकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधायक अनंत सिंह का पक्ष सुने बिना कोई फैसला नहीं किया जाएगा। डॉ. प्रेम कुमार ने यह बात गुरुवार की देर शाम भगवानपुर हाट के महमदपुर गांव स्थित सहनी मत्स्य उत्पादन सह बिक्री केंद्र परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

विवाद की शुरुआत विधान परिषद चुनाव के दौरान हुई थी, जब अनंत सिंह जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के विरोध में खुलकर उतरे थे और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन किया था। चुनाव में अनुज कुमार को सफलता नहीं मिली। इसके बाद जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने 24 अक्टूबर को अनंत सिंह की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समाप्त करने के साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा था।

जदयू के पत्र के बाद विधानसभा सचिवालय ने अनंत सिंह को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने को कहा था। इस पर विधायक ने अपनी बेटी की शादी का हवाला देते हुए 30 नवंबर तक का समय मांगा था। अब शादी संपन्न होने के बाद विधायकी से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है। विधानसभा अध्यक्ष के ताजा बयान से साफ है कि सदस्यता पर अंतिम फैसला दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही होगा। इस बीच अनंत सिंह के सरेंडर को लेकर भी राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा जारी है।