आंध्र प्रदेश में स्थानीय चुनाव से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन NDA के दो सहयोगी दलों के बीच मतभेद सामने आ गए हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गठबंधन कार्यकर्ताओं से गांवों में सर्वसम्मति से चुनाव कराने की प्रक्रिया अपनाने पर जोर दिया है, जबकि उप मुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने अपने कार्यकर्ताओं को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की अनुमति दी है। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि, माना जा रहा है कि इस तनाव का असर राज्य या केंद्र स्तर पर नहीं दिखेगा।
सर्वसम्मति से चुनाव के पक्ष में तर्क देते हुए नायडू ने कहा कि राजनीतिक मुकाबला अब खत्म हो गया है और अब पंचायतों के विकास पर ध्यान देने का समय है। उन्होंने पार्टी नेताओं को चेतावनी दी कि व्यक्तिगत अहंकार और गुटबाजी के चक्कर में संगठन को बांटने की जरूरत नहीं है।
दूसरी ओर, पवन कल्याण ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं से कहा है कि जो भी चुनाव लड़ना चाहता है, वह स्वतंत्र रूप से लड़ सकता है और पार्टी की ओर से उस पर कोई रोक-टोक नहीं है। उन्होंने पार्टी के भीतर सीटों के बंटवारे की बात को खारिज किया है और मुश्किलों का सामना कर रहे उम्मीदवारों की मदद के लिए एक विशेष 'हेल्प डेस्क' बनाई है।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश की नायडू सरकार ने सर्वसम्मति से पंचायत प्रतिनिधि चुने जाने को बढ़ावा देने के लिए सहायता राशि बढ़ाने की घोषणा की है। नई घोषणा के मुताबिक, 5,000 तक की आबादी वाली ग्राम पंचायतों को 15 लाख रुपये, 5,001 से 10,000 की आबादी वाली पंचायतों को 25 लाख रुपये और 10,000 से अधिक आबादी वाली पंचायतों को 50 लाख रुपये मिलेंगे। यह राशि तब दी जाती है, जब सरपंच और सभी वार्ड सदस्य सर्वसम्मति से चुने जाते हैं।
