म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शनिवार, 21 नवंबर की शाम चेन्नई में हुई ग्रैंड रिसेप्शन पार्टी में साउथ सिनेमा और राजनीति की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनलिंगम के अलग-अलग पहुंचने को लेकर रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय समारोह में संगीता से पहले पहुंचे और उन्होंने नवविवाहित जोड़े को फूलों का गुलदस्ता देकर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से भी मुलाकात की।

संगीता बाद में रिसेप्शन में पहुंचीं और उन्होंने नवविवाहित जोड़े के साथ तस्वीरें खिंचवाईं तथा उन्हें शादी की बधाई दी। 'सन न्यूज' के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में वह समारोह में मुस्कुराती हुई नजर आईं। इस मौके पर उन्होंने चमकीले पीले रंग का चूड़ीदार पहना था और अपने दोस्तों व रिश्तेदारों से भी मिलीं। हालांकि, विजय और संगीता इस कार्यक्रम में एक साथ नजर नहीं आए।

विजय और संगीता पिछले कुछ समय से अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। फरवरी 2026 में संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत चेंगलपट्टू कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसे उन्होंने अगस्त 2026 में वापस ले लिया था। इसके साथ ही तलाक का मामला बंद हो गया था। अब इस रिसेप्शन में दोनों के अलग-अलग पहुंचने के बाद एक बार फिर उनकी निजी जिंदगी पर चर्चा शुरू हो गई है।

बता दें कि अनिरुद्ध और काव्या की शादी की खबरें पहली बार साल 2025 में सामने आई थीं, जिनका अनिरुद्ध ने उस समय खंडन किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी से पहले के जश्न की शुरुआत 10 नवंबर को ग्रीस में हुई थी और अगले दिन दोनों शादी के बंधन में बंध गए। बाद में 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।