अंकिता भंडारी प्रकरण में चैट सार्वजनिक करने के मामले में आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उसके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ राजपुर थाने में जीरो एफआइआर दर्ज की गई है। मुकदमा दर्ज न होने के विरोध में अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया।

धरने के बाद अंकिता के माता-पिता, हरीश रावत और गणेश गोदियाल पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन से मिले। पुलिस अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर शाम राजपुर थाने में विनोद आर्य और अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि जीरो एफआइआर दर्ज कर ली गई है, जिसे हरिद्वार भेजा जाएगा और प्रकरण की जांच आगे बढ़ेगी।

इससे पहले अंकिता के माता-पिता कुछ दिन पहले हरिद्वार में प्रेसवार्ता कर चैट सार्वजनिक करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए चक्कर काट रहे थे। मुकदमा न होने पर उन्होंने धरना शुरू किया था।

हरीश रावत ने कहा कि वह नेता के तौर पर नहीं, एक पिता के नाते समर्थन में आए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी अंकिता पर कई तरह के आरोप लगाकर चरित्र पर सवाल उठाने का प्रयास किया जा रहा है और इस प्रकरण में शामिल आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी ने कहा कि वह देश और उत्तराखंड की बेटी के लिए लड़ रहे हैं, यह उनकी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है।