अंकिता भंडारी प्रकरण में नार्को टेस्ट के लिए गुजरात के गांधीनगर पहुंचे पूर्व विधायक सुरेश राठौर का टेस्ट से पहले मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि शुगर, खून और हृदय से जुड़ी कई जांच की गई हैं। मेडिकल रिपोर्ट में फिट पाए जाने पर ही उनका नार्को टेस्ट किया जाएगा। नार्को टेस्ट में एनेस्थीसिया या सम्मोहन की दवा दी जाती है, इसलिए पहले यह देखा जाता है कि व्यक्ति का शरीर दवा सहने के लिए फिट है या नहीं। जांच के आधार पर ही उम्र, वजन, लिंग और सामान्य स्वास्थ्य के हिसाब से दवा की मात्रा तय की जाती है। गंभीर रूप से बीमार, बहुत अधिक उम्र वाले या हृदय, श्वसन व मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति का टेस्ट नहीं किया जाता।

इस बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट से पहले हुए स्वास्थ्य परीक्षण पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुरेश राठौर नार्को टेस्ट से बचने के लिए शुगर जैसी बीमारियों का बहाना बनाने में लगे हैं। फेसबुक पर उर्मिला ने अपनी और सुरेश राठौर की फोटो व वीडियो शेयर करते हुए चुटकी भी ली है। साथ ही जेल में बिताए दिनों को याद करते हुए महंत दर्शन भारती पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

गौरतलब है कि अंकिता भंडारी मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मोबाइल पर बातचीत की ऑडियो क्लिप ने बीते जनवरी माह में हंगामा खड़ा कर दिया था। सियासी बवाल मचने पर प्रदेश सरकार को मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश करनी पड़ी थी। सीबीआई पिछले दिनों सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से पूछताछ कर चुकी है। अब बारी-बारी से दोनों के नार्को टेस्ट होने हैं।