शाहपुर (आरा) के डुमरिया में स्थित दुग्ध चिलिंग प्लांट और उत्पादन केंद्र से करीब 500 पशुपालकों को फायदा मिल रहा है। संस्थान से 15 दुग्ध उत्पादक समितियां जुड़ी हैं और प्रतिदिन लगभग तीन हजार लीटर दूध का संग्रह किया जाता है। पशुपालकों को अब दूध बेचने के लिए बाजार तक जाना नहीं पड़ता, जिससे उनकी आय का स्थायी जरिया बना है।
प्लांट की शुरुआत करीब पांच साल पहले क्षेत्र के पशुपालक वेदव्यास सिंह ने की थी। उन्होंने दूध को बाहर भेजने के बजाय गांव में ही परिष्कृत कर उसके उत्पाद बेचने की योजना बनाई और छोटा चिलिंग प्लांट लगाया। दियारा क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन अधिक होने के बावजूद बाजार की कमी थी। उन्होंने आसपास के गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियां बनाने के लिए पशुपालकों को प्रोत्साहित किया। आज डुमरिया का 'शुभ लक्ष्मी फूड एंड बेवरेजेज' स्थानीय स्तर पर एक ब्रांड बन चुका है।
यहां प्रतिदिन करीब तीन क्विंटल पनीर के अलावा शुद्ध देसी घी, राजभोग, रसगुल्ला, पेड़ा और दही तैयार किया जाता है। पनीर तीन सौ रुपये प्रति किलो की दर से पांच और 10 किलो के पैकेट में मिठाई कारोबारियों को भेजा जाता है। संचालक वेदव्यास सिंह के अनुसार, प्रतिदिन करीब एक से डेढ़ लाख रुपये की बिक्री हो रही है और संस्थान में लगभग 20 लोगों को रोजगार मिला है। कामगारों को प्रतिमाह 12 हजार रुपये वेतन के साथ भोजन भी दिया जाता है।
समिति से जुड़े पशुपालकों के मुताबिक, पहले 20 किलोमीटर दूर बाजार में दूध भेजने के दौरान कई बार वह फट जाता था, लेकिन अब गांव में ही दूध जमा हो जाता है। फैट के हिसाब से 39 रुपये से 58 रुपये प्रति लीटर की दर से हर पखवाड़े हिसाब होता है और पैसा सीधे पशुपालकों के खाते में आ जाता है। रोजी-रोटी के लिए सूरत में रह रहे डुमरिया के करिया यादव अब चार मवेशियों के सहारे आजीविका चला रहे हैं। उनके मुताबिक, हर महीने लगभग 300 लीटर दूध जमा होने से 16 हजार रुपये तक की आय होती है। नैनीजोर के अशोक यादव गांव-गांव घूमकर दूध का संग्रहण भी करते हैं, जिससे उन्हें प्रति लीटर चार रुपये तक अतिरिक्त आय हो जाती है। प्लांट में साढ़े तीन हजार लीटर तक दूध संग्रहीत किया जा सकता है।
