मथुरा में आयकर विभाग की टीम ने होटल और रियल एस्टेट कारोबारी के बैंक लॉकर और खातों की जांच की। यह कार्रवाई अघोषित नकद लेनदेन को लेकर चल रही छापेमारी का हिस्सा बताई जा रही है। जांच से अन्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मथुरा। होटल और रियल एस्टेट कारोबार में अघोषित नकद लेनदेन को लेकर आयकर विभाग की टीम की कार्रवाई जारी है। 13 नवंबर को विभाग की टीमों ने शहर के आधा दर्जन से अधिक कारोबारियों के 21 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी, जिनमें रियल एस्टेट कारोबारी शंकर सेठ और गोवर्धन अग्रवाल भी शामिल थे। 17 नवंबर को टीमें कार्रवाई पूरी कर लौट गईं थीं, लेकिन जांच अभी थमी नहीं है।
सोमवार शाम करीब चार बजे आयकर विभाग की टीम एक रियल एस्टेट और होटल कारोबारी के सीए को साथ लेकर डैंपियर नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा पहुंची। बताया जाता है कि टीम के साथ कारोबारी के एक स्वजन भी मौजूद थे। यहां टीम ने करीब दो घंटे तक कारोबारी के बैंक खाते और लॉकर की जांच की।
टीम के दोबारा पहुंचने की खबर से कारोबारियों में खलबली मच गई। कई कारोबारी शहर और आसपास के इलाकों से बाहर चले गए। आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हालांकि विभाग की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बैंक की जांच में उन्हें क्या मिला।
