हिमाचल प्रदेश में लॉटरी दोबारा शुरू करने की योजना को तगड़ा झटका लगा है। कोष, लेखा एवं लॉटरी विभाग ने सोल सेलिंग एजेंट की नियुक्ति के लिए दूसरा ई-टेंडर जारी किया था, लेकिन 20 नवंबर तक किसी भी कंपनी ने तकनीकी और वित्तीय निविदा प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया। टेंडर 21 नवंबर को खोले जाने थे, मगर विभाग को एक भी बिड नहीं मिली।

इससे पहले 25 अगस्त को जारी पहले टेंडर की अंतिम तिथि 14 सितंबर थी, जिसमें केवल दो बड़ी कंपनियों ने रुचि दिखाई थी। दोनों ने तकनीकी शर्तों को अव्यावहारिक बताया था। इन शर्तों में 30 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी, 10 करोड़ रुपये सालाना लाइसेंस फीस, पांच प्रतिशत वार्षिक वृद्धि, टर्नओवर का दो प्रतिशत या छह करोड़ रुपये (जो अधिक हो), 40 प्रतिशत जीएसटी, दो करोड़ रुपये ईएमडी और 50 करोड़ रुपये नेटवर्थ की शर्तें शामिल थीं।

इसके बाद सरकार ने पहला टेंडर वापस ले लिया और संशोधित प्रक्रिया में केवल ऑफलाइन यानी कागजी लॉटरी का विकल्प रखा। सरकार को शुरुआत में 10-20 करोड़ और बाद में 50-100 करोड़ रुपये सालाना आय की उम्मीद थी। 1.03 लाख करोड़ रुपये के ऋण के बीच हिमाचल ने गैर-कर राजस्व बढ़ाने के लिए यह रास्ता चुना था।

विभाग अब तीसरी बार तिथि बढ़ाने और शर्तें सरल करने पर विचार कर रहा है। लाइसेंस फीस 10 करोड़ से घटाकर पांच करोड़ और बैंक गारंटी 30 करोड़ से घटाकर 15 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य लॉटरी (विनियमन) नियम-2026 चार जून 2026 को अधिसूचित हुए थे।