कोल इंडिया की समीक्षा बैठक में सामने आए आंकड़ों के अनुसार भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) चालू वित्त वर्ष में कोयला उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य से करीब 16 प्रतिशत पीछे है। समीक्षा अवधि तक कंपनी का लक्ष्य 22.09 मिलियन टन था, जबकि वास्तविक उत्पादन 18.60 मिलियन टन रहा यानी लक्ष्य का केवल 84.18 प्रतिशत। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में बीसीसीएल ने 20.35 मिलियन टन उत्पादन किया था, इस लिहाज से इस बार 1.75 मिलियन टन की गिरावट दर्ज हुई है और उत्पादन 8.63 प्रतिशत कम रहा। कंपनी का वार्षिक लक्ष्य 39 मिलियन टन है। बीसीसीएल के पिछड़ने से धनबाद-झरिया कोयलांचल में चिंता है, क्योंकि इसका असर डिस्पैच और राजस्व पर पड़ सकता है।
दूसरी अनुषंगी कंपनियों में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने 102.88 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। उसका वास्तविक उत्पादन 30.24 मिलियन टन रहा, जबकि लक्ष्य 29.39 मिलियन टन था। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) ने 102.91 प्रतिशत लक्ष्य के साथ 37.05 मिलियन टन उत्पादन किया। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने 91.26 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया और उसका उत्पादन 47.93 मिलियन टन रहा, जो पिछले साल की समान अवधि से 20.28 प्रतिशत अधिक है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) 87.05 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पीछे रही और उसके उत्पादन में 13.45 प्रतिशत की गिरावट आई।
कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों को मिलाकर कुल उत्पादन 433.02 मिलियन टन रहा, जो समीक्षा अवधि के 462.61 मिलियन टन लक्ष्य के मुकाबले 93.60 प्रतिशत उपलब्धि है। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 427.29 मिलियन टन की तुलना में इस बार 1.34 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है।
सोमवार को केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सभी कोयला कंपनियों के सीएमडी के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी कंपनियों को हर हाल में कोयला उत्पादन और डिस्पैच का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने उत्पादन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। मंत्री ने बिजली संयंत्रों को कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया और कहा कि पावर प्लांटों में कोयले की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उत्पादन के साथ-साथ डिस्पैच की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जाए।
