जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का निधन हो गया है। सोमवार सुबह उन्होंने जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट में मां के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मां के जाने से सिर से ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगता था।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार अंतिम यात्रा अर्जुन मुंडा के जमशेदपुर स्थित घोड़ाबांधा आवास से दोपहर करीब 1 बजे निकलेगी। पार्थिव शरीर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा, जहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुंडा ने बताया कि उनकी माताजी का अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर में ही किया जाएगा।
लंबे समय से बीमार मां को पिछले दिनों अर्जुन मुंडा ने बांसुरी बजाकर खुश करने की कोशिश की थी, तब उनकी मां ने सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया था। निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। मरांडी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अर्जुन मुंडा के शब्दों में एक बेटे की पीड़ा झलकती है और उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
