मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले महीने देशभर में प्रदर्शन हुए, जिनमें कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और विपक्षी दलों ने बड़ी रैलियां निकालीं। इन प्रदर्शनों के बीच सीपीआई (एमएल) की छात्र संघ आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा काफी चर्चा में रहीं। सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ हुई और पीस बॉन्ड वाले मामले में भी उन्होंने बाजी मारी।
इसी बीच वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम के साथ एक इंटरव्यू में सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका से सवाल पूछा गया कि क्या पार्टी ने पुलिस की शर्तों के मुताबिक बॉन्ड साइन कर कदम पीछे खींच लिए हैं, जबकि नेहा बोरा ने ऐसा नहीं किया। इस पर रांका थोड़े नाराज नजर आए।
रांका ने कहा कि वे किसी से प्रतियोगिता करने नहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा, “नेहा बोरा बहुत ही शानदार व्यक्तित्व हैं। बहुत ही हिम्मत वाली हैं। मैंने खुद भी उनसे बहुत कुछ सीखा है। लेकिन उनकी परिस्थिति अलग है। उनका बैकग्राउंड है। उनका जिस ऑर्गेनाइजेशन से एफिलिएशन है वो अलग है।” उन्होंने कहा कि सीजेपी अपनी अलग रणनीति से चलती है और तुलना करना सही नहीं होता। रांका ने कहा कि पार्टी एक स्वतंत्र प्रेशर ग्रुप है, जिसके साथ देश की जनता और युवा हैं।
पीस बॉन्ड से जुड़े सवाल पर रांका ने कहा कि ऐसा हरगिज नहीं है कि पार्टी ने अपने हाथ-पैर बांध लिए हैं, क्योंकि सीजेपी अब भी कई जगहों पर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि कोच्चि और गोवा में हाल ही में पार्टी मैदान में उतरी थी और दिवाली के कारण यह एक सामान्य ब्रेक था। गौरतलब है कि एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान करने के बाद अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास 10 अक्टूबर की सुबह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, जहां विमान उतरते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं से एक साल तक शांति बनाए रखने और अच्छे व्यवहार के लिए 50 हजार रुपये का मुचलका और शपथ पत्र भरवाया गया, जिसके बाद उन्हें रिहा किया गया। वहीं, 16 अक्टूबर को मंडी हाउस में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं नेहा बोरा ने मजिस्ट्रेट के सामने बॉन्ड भरने से इनकार कर दिया था और आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पीस बॉन्ड का इस्तेमाल एक 'हथियार' की तरह कर रही है।
