एशिया पावर इंडेक्स में भारत ने 100 में से 40.5 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान पाया है। ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टिट्यूट की ओर से जारी इस रैंकिंग में भारत मेजर पावर श्रेणी में शामिल एकमात्र देश है। सुपरपावर श्रेणी में अमेरिका और चीन को रखा गया है।
रैंकिंग के मुताबिक अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों देशों को सुपरपावर श्रेणी में रखा गया है। भारत के बाद मध्यम शक्ति वाले देशों में जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, न्यूजीलैंड, ताइवान, फिलीपीन्स और पाकिस्तान का नाम है। छोटी ताकतों की श्रेणी में उत्तर कोरिया, ब्रुनेई, कंबोडिया, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार, लाओ, मंगोलिया, पपुआ न्यू गिनी और नेपाल को रखा गया है।
पिछले साल यानी 2025 की रैंकिंग में भारत को 40 अंक मिले थे, जबकि इस बार 40.5 अंक मिले हैं। पिछले साल भी भारत को मेजर पावर में स्थान दिया गया था। रिपोर्ट के अनुसार 2025 और 2026 में आर्थिक क्षेत्र में भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को इस रैंकिंग में फायदा मिला है। अध्ययन में सेना की ऑपरेशन इफिशिएंशी, सेना की तैयारी और जवानों के उत्साह को भी आधार बनाया गया।
एशिया पावर इंडेक्स में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक मजबूती, सैन्य क्षमता, डिप्लोमेसी, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधनों के आधार पर रैंकिंग जारी की जाती है। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रभाव रखने वाली ताकतों को भी शामिल किया जाता है, जैसे रूस, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अमेरिका। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले अमेरिका के अंक कम हुए हैं, जिसके पीछे ईरान युद्ध को वजह बताया गया है। इतने दिनों के युद्ध के बाद भी अमेरिका किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाया है और उसकी अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान हुआ है।
