औरंगाबाद जिले में पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर एक कथित अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए युवक को सकुशल बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि उसने ऑनलाइन गेम में पैसा हारने के बाद खुद ही अपहरण की झूठी साजिश रची थी।

दाउदनगर थाना को 19 नवंबर को एक व्यक्ति के लिखित आवेदन पर सूचना मिली थी कि उसका बेटा भखरुआ मोड स्थित एक मोबाइल दुकान में काम करता है, जिसे रात 9 बजे अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा कथित रूप से अपहरण कर लिया गया और 1,50,000 रुपए फिरौती की मांग की जा रही है। इस संबंध में दाउदनगर थाना कांड संख्या-786/26, दिनांक-20.11.2026 के अंतर्गत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद द्वारा SDPO दाउदनगर के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया। पुलिस ने मैनुअल के साथ टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया और कथित तौर पर अगवा युवक के मोबाइल समेत कई तकनीकी सबूत खंगाले। SIT ने दो घंटे के भीतर ही मामले का पर्दाफाश कर दिया।

दो घंटे के भीतर कथित तौर पर अगवा प्रकाश कुमार पुलिस की गिरफ्त में था। पूछताछ में प्रकाश ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लगी थी, जिसमें अलग-अलग एप्लिकेशन से लोन लेकर वह ऑनलाइन गेम में हार गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने खुद की किडनैपिंग की साजिश रची और अपने ही घरवालों से फिरौती भी मंगवा डाली।