अयोध्या और जनकपुर के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेन भविष्य में नेपाल की राजधानी काठमांडू तक चलाई जाएगी। स्थानीय रेल अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में यह ट्रेन अयोध्या और जनकपुर के बीच संचालित होगी, जिससे दोनों पवित्र स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा। अयोध्या से जनकपुर के लिए वंदे भारत नहीं, बल्कि साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी।
भारतीय रेल के सहयोग से नेपाल में रेल अवसंरचना मजबूत करने का काम किया जा रहा है। जयनगर से काठमांडू तक करीब 136 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा हो चुका है। सूत्रों के अनुसार दोनों देशों की सरकारों ने रेल संपर्क बढ़ाने के लिए संयुक्त वक्तव्य जारी किया है, जिसमें भारत के फंड से नई इलेक्ट्रिफाइड रेलवे लाइन बनाने पर सहमति जताई गई है।
इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ व्यापार, आवागमन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में भी गति आने की उम्मीद है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। सीधा रेल संपर्क बनने से नेपाली और भारतीय श्रद्धालु दोनों देशों के पवित्र स्थलों की आसानी से यात्रा कर सकेंगे। परियोजना के तकनीकी पहलुओं पर दोनों देशों की टीमें मिलकर काम कर रही हैं।
अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस की समय सारिणी जारी कर दी गई है। ट्रेन सोमवार को शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी, जबकि जनकपुर से शनिवार को दोपहर एक बजकर दस मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी। इसका ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर में होगा। अयोध्या से जनकपुर की 604 किलोमीटर दूरी यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी।
