दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के छठे मुकाबले में बांग्लादेश ए ने अफगानिस्तान ए को 1 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ बांग्लादेशी टीम ग्रुप ए की प्वाइंट्स टेबल में +0.630 नेट रनरेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि श्रीलंका की टीम शुरुआती दोनों मैच जीतकर +1.982 नेट रनरेट के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ए की टीम मुश्किल पिच पर 174 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान इकराम अलीखिल ने अन्य बल्लेबाजों के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए स्कोर को 174 तक पहुंचाया। बांग्लादेश की ओर से रिपन मोंडोल ने 8 ओवरों में 39 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि इकबाल हुसैन इमोन, एमडी रुबेल और सैफ हसन को 2-2 विकेट मिले।
जवाब में बांग्लादेश ए ने 45.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम ने तीसरी गेंद पर कप्तान सैफ हसन (0) का विकेट गंवा दिया था, उस समय खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद शहादत हुसैन और परवेज हुसैन इमोन ने दूसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। परवेज ने 27 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 33 रन बनाए, जबकि शहादत हुसैन ने 25 रन का योगदान दिया। टीम ने 83 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे।
यहां से सैफुद्दीन ने शब्बीर रहमान (28) के साथ छठे विकेट के लिए 49 रन और रुबेल के साथ सातवें विकेट के लिए 26 रन जोड़कर टीम को 158 तक पहुंचाया। सैफुद्दीन (28) और रुबेल (10) के आउट होने के बाद 162 के स्कोर पर नौवां विकेट भी गिर गया। अंतिम जोड़ी के रूप में रिपन मोंडोल (नाबाद 5) ने इकबाल हुसैन (नाबाद 11) के साथ 14 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। अफगानिस्तान की ओर से नवीद जादरान ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि नसीर खान मारूफखिल और फरमानुल्लाह सफी को 1-1 विकेट मिला।
